अमेठी सिटी। कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर वंदे मातरम के अपमान का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने रविवार को गौरीगंज में विरोध प्रदर्शन किया। भाजयुमो के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक मुख्यालय से कांग्रेस कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला। हाथों में तिरंगा लेकर कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की और वंदे मातरम के सम्मान में आवाज बुलंद की।
कांग्रेस कार्यालय पहुंचने के बाद कार्यकर्ता बाहर एकत्र हुए और सामूहिक रूप से वंदे मातरम्का गायन किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रगीत के प्रति श्रद्धा प्रकट करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वंदे मातरम महज शब्द नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम की स्मृतियों और करोड़ों भारतीयों की राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।
इसके सम्मान से जुड़े किसी भी आपत्तिजनक व्यवहार को युवा मोर्चा स्वीकार नहीं करेगा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव से जुड़े विषयों पर संगठन लगातार मुखर रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने तिरंगा लेकर नारे लगाए और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल, जिला महामंत्री विषुव मिश्र, जिला मंत्री विकास पटेल, अरुण राजा, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह, जिला महामंत्री शिवम मिश्र, महेश सोनी, उत्कर्ष, राजीव तिवारी, अतुल तिवारी, आदेश पांडेय, संतोष, दिवाकर, सूरज, आशुतोष, शुभ, अमन विक्रम और आलोक आदि मौजूद रहे।