अमेठी। ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत कार्रवाई करते हुए अमेठी पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
इंस्पेक्टर श्रीराम पांडेय ने बताया कि रविवार रात बाईपास पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन युवकों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर वे भागने लगे। पीछा कर तीनों को पकड़ लिया गया। जांच में उनके कब्जे से मिली मोटरसाइकिल चोरी की निकली। गिरफ्तार आरोपियों में मुंशीगंज के नोहरेपुर गांव निवासी सचिन और साहिल तथा जंगल रामनगर मजरे स्वयंवर सिंह का पुरवा निवासी शिवा शामिल हैं।
पूछताछ में बताया कि करीब 25 दिन पहले पनियार नहर के पास से मोटरसाइकिल चोरी की थी। उन्होंने दो अन्य चोरी की बाइक दुर्गापुर रोड स्थित हेलीपैड के पास छिपाकर रखने की जानकारी भी दी। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने वहां से दो और बाइक बरामद कर लीं। पुलिस के अनुसार एक बाइक अमेठी कस्बे के प्लाजा मैरिज लॉन के पास से और दूसरी जगदीशपुर क्षेत्र से चोरी की गई थी। पहचान छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने दोनों वाहनों की नंबर प्लेट हटा दी थी। अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।