मुंशीगंज/शाहगढ़। जामों-भादर मार्ग पर शनिवार रात तरसड़ा गांव के मोड़ के पास ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार शिवम कश्यप (22) की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त प्रिंस (21) घायल हो गया। प्रिंस का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से चालक और वाहन की पहचान करने में जुटी है।
शिवम के पिता शीतला प्रसाद के मुताबिक, उनका बेटा शनिवार रात गांव के ही प्रिंस के साथ दुर्गापूजा देखकर बाइक से घर लौट रहा था। गांव के मोड़ पर बाइक मोड़ते समय दोनों ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने ट्रक रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला।
परिजन मौके पर पहुंचे तो शिवम और प्रिंस लहूलुहान हालत में मिले। दोनों को सीएचसी शाहगढ़ ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया। प्रिंस की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक की गति तेज थी। मोड़ पर बाइक मुड़ते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक बाइक से टकरा गया। लोगों ने ट्रक का पीछा कर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था।
सीओ अखिलेश वर्मा ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से चालक और वाहन की पहचान की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
बेटे को पुकारती रही मां, बिलख उठा परिवार
शिवम की मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया। मां कैलाशा देवी बेटे को याद कर बार-बार बिलख पड़तीं और कहतीं, कोई तो मेरे बेटे को बुला दो। उनकी पुकार सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। बेटे की मौत से पिता शीतला प्रसाद भी गमगीन हैं। भाई सचिन को घटना की जानकारी मिली तो वह चंडीगढ़ से घर के लिए रवाना हो गया। रिश्तेदार और ग्रामीण परिजनों को ढाढ़स बंधाते रहे।