कमरौली लखनऊ सुल्तानपुर हाईवे मार्ग पर स्थित डिवाइडर से टकराई डीसीएम।
कमरौली (अमेठी)। क्षेत्र में सोमवार को दो अलग-अलग मार्गों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो लोग घायल हो गए। एक हादसा कठौरा गांव के पास तो दूसरा लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर बैंक ऑफ बड़ौदा के पास हुआ। दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कठौरा गांव निवासी आशीष (26) सोमवार को बाइक से विपरीत दिशा में आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन से उसकी बाइक टकरा गई। हादसे में आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के समय उसने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर में भी चोटें आई हैं। परिजनों व स्थानीय लोगों ने घायल को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मामले की पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।
इसी मार्ग पर औद्योगिक क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के पास सुबह करीब नौ बजे बंशी ट्रेडर्स से माल लादकर फिरोजाबाद जा रहे डीसीएम चालक जितेंद्र कुमार को अचानक झपकी आ गई। नियंत्रण खोने पर वाहन डिवाइडर पर चढ़ गया और पलट गई। वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक घायल हो गया। उसे तुरंत सीएचसी में प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।
थाना प्रभारी अभिनेष कुमार ने बताया कि घायल चालक को अस्पताल भेजवाया गया है और दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम को हटवाकर मार्ग पर यातायात बहाल करवा दिया गया है।