बाजार शुकुल। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार रात चलती कार का गेट अचानक खुलने से पीछे आ रही बाइक उससे टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यूपीडा की टीम ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाजार शुकुल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को 200 बेड संयुक्त चिकित्सालय तिलोई रेफर कर दिया गया।
हादसा एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 57.1 पर डिडिहा गांव के पास हुआ। रामनगर निवासी संतोष सिंह (46), प्रदीप (22) और हिमांशु सिंह (25) बाइक से लखनऊ जा रहे थे। आगे चल रही कार का चालक अचानक गेट खोल बैठा। बाइक कार के खुले गेट से टकराकर अनियंत्रित हो गई और तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घायल हिमांशु सिंह ने बताया कि कार का गेट अचानक खुलने से बाइक संभालने का मौका ही नहीं मिला और हादसा हो गया। सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल भेजा।
चिकित्सकों ने तीनों की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर उपचार के लिए तिलोई रेफर कर दिया। बाइक चला रहे संतोष सिंह ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट नहीं आई। थाना प्रभारी विवेक वर्मा ने बताया कि परिजनों को सूचना देते हुए बाइक को सुरक्षित रखवा दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।