. जगदीशपुर-जायस मार्ग पर पूरे चितई के पास जली पड़ी बाइक। स्रोत: स्थानीय
जगदीशपुर। जामों के कपासी जनापुर निवासी विपिन (25) बुधवार रात सड़क हादसे में गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद उनकी बाइक में आग लग गई, जिससे बाइक जल गई। घायल विपिन को ट्रॉमा सेंटर से लखनऊ रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार विपिन बुधवार रात बाइक से जायस से घर लौट रहे थे। जगदीशपुर-जायस मार्ग पर पूरे चितई के पास सामने से आ रही कार से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। इसके बाद विपिन सड़क पर गिर गए और बाइक फिसलते हुए आगे बढ़ गई। इसी दौरान बाइक में आग लग गई। आग की चपेट में आने से विपिन झुलस गए, जबकि बाइक धू-धूकर जल गई।
घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने घायल विपिन को ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर विनोद सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार की पहचान कर ली गई है। चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।