गौरीगंज (अमेठी)। विधानसभा क्षेत्र गौरीगंज के चारों ब्लॉक मुख्यालयों के बाद बुधवार को स्व. राजकरन मेमोरियल जिला स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतियोगिता के जिला स्तरीय मैच में खंड स्तर की विजेता टीमों के अलावा कई अन्य टीमों के बीच मुकाबले हुए। फाइनल मैच में भवनशाहपुर ने चंदौकी को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया।
जामो रोड स्थित मंगलम भवन परिसर में बुधवार को स्व. राजकरन यादव मेमोरियल जिला स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पहला मुकाबला पचेहरी व अर्जुनपुर के बीच खेला गया। इस मैच में पचेहरी की टीम विजेता रही।
दूसरे मुकाबले में सदभावना क्लब ने जीत हासिल की। तीसरे मुकाबले में अगहर की टीम सफल रही। एक अन्य मुकाबले में भवनशाहपुर व चंदौकी के बीच हुए मैच में भवनशाहपुर ने जीत दर्ज की। सेमीफाइनल मुकाबले में भवनशाहपुर ने अगहर को हराया और फइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का फाइनल मैच सदभावना क्लब और भवनशाहपुर के बीच खेला गया।
फाइनल मैच के पहले सेट में 25-15 के अंतराल से सदभावना क्लब तो दूसरे सेट में भवनशाहपुर ने 25-22 से सदभावना क्लब को शिकस्त दी। अंतिम और निर्णायक सेट में 26-24 से भवनशाहपुर ने जीत दर्ज खिताब अपने नाम कर लिया। विजेता टीम को विधायक राकेश प्रताप सिंह की ओर से 5100 रुपये व उपविजेता टीम को 3100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में दर्शक और युवा खिलाड़ी जुटे।