अमेठी सिटी। मुसाफिरखाना क्षेत्र में करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे भनौली संपर्क मार्ग से आवागमन करने वाले करीब 25 हजार लोगों की दो माह में परेशानी दूर होगी। मार्ग के नवनिर्माण के प्रस्ताव को शासन की मंजूरी मिल गई है। साथ ही धनराशि भी जारी हो गई है। इससे लोक निर्माण विभाग निविदा के माध्यम से ठेकेदार का चयन कर प्रस्तावित कार्य पूरा करवाने की कोशिश में जुटा है।
इस मार्ग से भनौली गांव के ग्रामीणों संग पारा सहित अन्य स्थान को जाने वाले करीब 25 हजार वाहन सवार गुजरते हैं। मार्ग जर्जर होने से इनको आवागमन में परेशानी हो रही है। मार्ग पर जगह-जगह हुए गड्ढों व बिखरी गिट्टियों पर फिसलकर बाइक सवार घायल हो रहे हैं। इसे देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने सर्वे करवाते हुए मार्ग के निर्माण के लिए 35 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा। शासन ने प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए मार्ग के निर्माण के लिए धनराशि भी जारी कर दी।
अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड शैलेंद्र कुमार ने बताया कि भनौली संपर्क मार्ग की मरम्मत के लिए ठेकेदार नामित करने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही ठेकेदार नामित कर विभागीय अवर अभियंता की निगरानी में निर्माण कार्य पूरा करवाया जाएगा।