गौरीगंज (अमेठी)। संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा बुधवार को जिले में चार केंद्रों के सात ब्लॉक में संपन्न हुई। परीक्षा की शुचिता प्रभावित नहीं हो सके इसके लिए नियंत्रण कक्ष से हाईटेक तरीके से निगरानी के अलावा सचल दल परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करते रहे। पहली पाली में 205 तो दूसरी पाली में 204 परीक्षार्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे। एसपी इलामारन जी. ने भी भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की हकीकत देखी।
महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय की देखरेख में बुधवार को शैक्षिक सत्र 2022-24 की बीएड प्रवेश परीक्षा हुई। परीक्षा के लिए शहर के रणंजय इंटर कॉलेज के ‘ए’ व ‘बी’ ब्लॉक में 500-500 तो इंदिरा गांधी पीजी कॉलेज में 500 परीक्षार्थियों के परीक्षा देने की व्यवस्था बनाई गई थी। अमेठी के आरआरपीजी कॉलेज व रामनगर स्थित रणवीर इंटर कॉलेज के ‘ए’ व ‘बी’ ब्लॉक में 500-500 परीक्षार्थियों के लिए सिटिंग प्लान तैयार किया गया था।
परीक्षा की शुचिता कायम रहे इसके लिए कंट्रोल रूम/नियंत्रण कक्ष से जिला समन्वयक डॉ. ओम प्रकाश त्रिपाठी व उप नोडल अधिकारी डॉ. बृजेश सिंह ने केंद्रों के सीसीटीवी कैमरे के डीबीआर को ऑनलाइन कनेक्ट कर स्क्रीन पर परीक्षा की निगरानी की। परीक्षा केंद्रों पर तैनात मजिस्ट्रेटों की मौजूदगी में परीक्षार्थियों की तलाशी लेकर प्रवेश पत्र व आधार कार्ड तथा पेन के साथ प्रवेश देकर निर्धारित स्थान पर बैठाया गया।
डीआईओएस उदय प्रकाश मिश्र, एएओ आशुतोष मिश्र व बीएसए डॉ. अरविंद कुमार पाठक लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर निगरानी करते रहे, सुरक्षा के लिए केंद्रों पर पर्याप्त फोर्स तैनात रही। दो पाली में पंजीकृत 35 सौ परीक्षार्थियों में पहली पाली में 205 व दूसरी पाली में 204 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान केंद्र की परिधि से दो मीटर के दायरे में आने वाली सभी दुकानें प्रशासन की ओर से बंद करा दी गईं। ऐसे में भीषण गर्मी के बीच परीक्षार्थी व उनके साथ आए परिजन बूंद-बूंद पानी के लिए तरसते रहे। प्रवेश पत्र की फोटोकापी के लिए परीक्षार्थियों को परेशान होना पड़ा।
सड़क पर वाहन से जाम लगने की संभावना को देखते हुए वाहनों को मैदान में खड़ा कराने के लिए तैनात पुलिस कर्मियों को भी खासी परेशानी उठानी पड़ी।