अमेठी सिटी। राजकीय मेडिकल कॉलेज को जायस-मोहनगंज-इन्हौना मार्ग से जोड़ने वाले पूरे बसावन संपर्क मार्ग पर जल्द ही आवागमन आसान हो जाएगा। क्षतिग्रस्त हो चुके दो किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण के लिए राज्यमंत्री के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। मंजूरी के बाद लोक निर्माण विभाग ने इसे वार्षिक कार्ययोजना में शामिल कर शासन से धनराशि की मांग की है।
तिलोई विधानसभा क्षेत्र में संचालित राजकीय मेडिकल कॉलेज को जायस-मोहनगंज-इन्हौना से जोड़ने वाला दो किलोमीटर लंबा पूरे बसावन संपर्क मार्ग गड्ढों में तब्दील हो गया है। क्षतिग्रस्त मार्ग पर आए दिन गिरकर लोग चोटिल होते रहते हैं। मार्ग की दुर्दशा से सर्वाधिक परेशानी मेडिकल कॉलेज जाने वाले मरीजों व तीमारदारों को होती है। लोगों की परेशानी को देखते हुए राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा था।
शासन से मार्ग के निर्माण को मंजूरी मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड ने 220.70 लाख (दो करोड़ 20 लाख 70 हजार) रुपये का अनुमानित आगणन तैयार कर इसे कार्ययोजना में शामिल कर लिया है। लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड ने शासन से धन की मांग की है। शासन से वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद निविदा प्रकाशित कर ठेकेदार का चयन कर सड़क के निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड) के एक्सईएन रमेश चंद्र ने बताया कि मार्ग के निर्माण को वार्षिक कार्ययोजना में शामिल कर शासन से धन की मांग की गई है। शासन से जल्द ही धनराशि जारी होने की संभावना है। धनराशि मिलते ही मार्ग का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।