यूपी के अमेठी में मंगलवार रात बरात देखने के दौरान एक मकान का जर्जर छज्जा रेलिंग सहित भरभराकर गिर गया। हादसे में पांच साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, 35 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में ज्यादातर महिलाएं और किशोरियां हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे में सुल्तानपुर के चंदौर गांव निवासी अनिल श्रीवास्तव की पांच वर्षीय बेटी अनुष्का की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सीतारामपुर गांव की निवासी प्रिया (16), मधु (17), खुशबू (19), अंजू (19), लक्ष्मी (19), सुशीला (60) और बाबुल और उनकी पत्नी के साथ भोए जामो के रहने वाले प्रह्लाद प्रसाद श्रीवास्तव (58), रायबरेली के खेरवा निवासी ऊषा (40), मुसाफिरखाना के गाजनपुर दुवरिया की रहने वाली रीता (36), बाराबंकी के असंद्रा के पूरे इंद्रिरा निवासी और मानसी (17), नेवादा मुसाफिरखाना की रहने वाली जग्गू (65) व सुखराजी (60) व मुसाफिरखाना के कादीपुर की रहने वाली मनीसा (19) व निशा (22) और कल्लू (25) के साथ जगदीशपुर नसीराबाद की रहने वाली कुसुम (45) घायल हो गए।
इंस्पेक्टर गौरीगंज श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि अस्पताल की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है। परिजन अनुष्का का पोस्टमॉर्टम करवाने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद शव लेकर घर रवाना हो गए। वहीं इंस्पेक्टर मुंशीगंज शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। गांव में शांति व्यवस्था कायम है।
अनुष्का की मौत के बाद मां किरन का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई अरुण और बहन अंशिका मां को रोता देख बिलख उठे। पिता अनिल श्रीवास्तव गमगीन हैं। परिजन व रिश्तेदार परिवार को ढांढस बधाने में जुटे रहे।