अमेठी सिटी। जिले के चिह्नित आधार सेंटरों पर आधार बनवाने और अपडेट कराने के लिए लोगों को अब भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। टोकन मिलने के लिए तो अभी परेशानी उठानी पड़ रही है। लेकिन टोकन व फार्म मिलने के बाद लोगों का मिली तिथि पर कार्य हो रहा है। अमर उजाला के अभियान के बाद जल्द ही प्रधान डाकघर में एक और आधार काउंटर संचालित होने जा रहा है।
अब भी जिले में आधार बनवाने व अपडेट कराने के लिए लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। जिला मुख्यालय स्थित फिनो पेमेंटस बैंक, उपडाकघर, अमेठी स्थित प्रधान डाकघर समेत अन्य आधार सेंटरों पर लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। अमेठी स्थित प्रधान डाकघर में आधार कार्ड अपडेट कराने आईं पठकापुर निवासी कविता ने बताया कि वह चार दिनों से परेशान हैं। दो अक्तूबर की डेट मिली है। लेकिन बहुत जरूरी है, आज आई हूं उम्मीद है कि किसी तरह आधार बन जाए।
वहीं, भुसहरी निवासी राजकुमार ने बताया कि उनके बेटे कार्तिक का आधार अपडेट कराना है, तीन दिनों से परेशान हैं। विशेषरगंज स्थित डाकघर पर आधार अपडेट कराने गए थे, बताया कि वहां सिस्टम खराब है। उसके बाद वह अमेठी प्रधान डाकघर आए हैं। उम्मीद है कि आज शाम तक बन जाएगा। शाहगढ़ के कुंडा नेवादा गांव निवासी राम शंकर ने बताया कि बेटी कीर्ति का आधार अपडेट कराने के लिए वह 15 दिनों से गौरीगंज, शाहगढ़ का चक्कर काट रहे हैं। आज प्रधान डाकघर में आए हैं, लेकिन फार्म नहीं मिला है। ऐसे में मायूस होकर लौटना पड़ेगा। इसी तरह गौरीगंज स्थित फिनों पेमेंटस बैंक के सामने आधार अपडेट व बनवाने के लिए लोगों की भीड़ दिखी।
प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर राम आसरे सोनकर ने बताया कि प्रधान डाकघर में जल्द ही एक और आधार काउंटर शुरू कराया जा रहा है। कहा कि विशेषरगंज स्थित डाकघर के आधार सिस्टम में साफ्टवेयर की दिक्कत है। उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। जल्द ही उसके सही कराकर आधार काउंटर संचालित कराया जाएगा।
लगातार चलेगा अभियान
डाक विभाग के इंडिया पोस्ट पेमेंटस बैंक के सीनियर जिला मैनेजर व नोडल अमित कुमार सिंह सिंह ने बताया कि लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गांव-गांव शिविर लगाकर शून्य से पांच वर्ष के बच्चों का आधार बनाया जा रहा है। इसके साथ ही अन्य आधार में सिर्फ मोबाइल अपडेट किया जा रहा है।