स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री
अमेठी सिटी। गर्मी में ट्रेन प्रतीक्षा करने में यात्रियों के पसीने छूट रहे है। बृहस्पतिवार को समर स्पेशल के साथ छह नियमित ट्रेनें देरी से पहुंचने के कारण यात्री परेशान हुए। यात्रियों को प्लेटफार्म पर इंतजार करने में दिन ही बीत गया। लखनऊ-वाराणसी रेल ट्रैक पर दिल्ली के यात्रियों की गर्मी में परेशानी कम नहीं हो रही है। आनंद बिहार-वाराणसी के बीच संचालित समर स्पेशल ट्रेन बृहस्पतिवार को 10 घंटे देरी से दोपहर में 12:51 बजे अमेठी पहुंची। जयनगर-दिल्ली के बीच संचालित समर स्पेशल से आरक्षित टिकट बुक करवाने वाले यात्री सुबह 6 बजे अमेठी स्टेशन पहुंच गए। वहां पता चला कि ट्रेन साढ़े छह घंटे देरी से चल रही है। यात्रियों को गर्मी में दोपहर 02:10 बजे तक ट्रेन की प्रतीक्षा करनी पड़ी। मरुधर एक्सप्रेस सुबह 3:27 के बजाय गौरीगंज 5:34 बजे पहुंची तो दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस सुबह 6:57 बजे के बजाय 11:54 बजे गौरीगंज पहुंची।
देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस, जम्मूतवी-राजेंद्रनगर अर्चना एक्सप्रेस व अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल भी अपने निर्धारित समय से चार घंटे देरी से गौरीगंज पहुंच गंत्वय को रवाना हुई। लखनऊ-प्रयागराज संगम एक्सप्रेस का संचालन एक घंटा विलंब से हुआ। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि अपरिहार्य कारणों से ट्रेनों का परिचालन विलंब से हुआ। यात्रियाें को ट्रेन की स्थिति की जानकारी समय-समय पर दी जा रही।