अमेठी सिटी। अमेठी कोतवाली के महमदपुर गांव स्थित दुकानदार की पिटाई कर फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
अमेठी कोतवाली क्षेत्र के महमदपुर गांव निवासी अजीत प्रताप सिंह का आरोप है कि बुधवार की देररात वह अपनी दुकान पर बैठे थे। गांव के तीन लोग पड़ोसी जिले के कुछ लोगों के साथ उसकी दुकान पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दबंगों ने उसकी और उसके भाई की पिटाई कर दी। पिटाई के दौरान दहशत फैलाने के इरादे से दबंगों ने फायरिंग भी की।
फायरिंग की आवाज सुनकर लोगों को आते देखकर सभी आरोपी तमंचा लहराते हुए भाग निकले। पीड़ित ने रात में थाने पहुंचकर मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।
एसएचओ अमर सिंह ने कहा कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला मारपीट का है। फायरिंग की पुष्टि नहीं है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।