अमेठी। मार्निंग वॉक पर निकले नरैनी गांव के कमलेश सिंह (55) और पूरे टांडा मजरे बियसिया निवासी रमाशंकर तिवारी (50) को महाराजपुर-ककवा रोड पर एक डंपर ने कुचल दिया। हादसे में कमलेश की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल रमाशंकर को सीएचसी से एम्स रायबरेली रेफर किया गया है। हादसे के बाद चालक डंपर सहित मौके से भाग निकला।
रमाशंकर के मुताबिक, बिहार के रहने वाले कमलेश सिंह पिछले करीब 10 वर्षों से नरैनी के पूर्व प्रधान अवधेश सिंह उर्फ नान भैया की पंडरी मोड़, महाराजपुर स्थित बक्सा बनाने की दुकान पर काम करते थे। कमलेश ने नरैनी में मकान बनवाया था और यहीं रहते थे। शनिवार सुबह दोनों सुबह की सैर पर निकले थे, तभी ककवा की तरफ जा रहे डंपर ने दोनों को चपेट में ले लिया।
स्थानीय लोगों ने दोनों को सीएचसी अमेठी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने कमलेश को मृत घोषित कर दिया। रमाशंकर की हालत नाजुक देख रायबरेली एम्स रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर रवि कुमार सिंह ने बताया कि रमाशंकर की तहरीर पर डंपर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। कमलेश के परिजन नहीं आ सके, जिसके कारण पोस्टमॉर्टम के बाद शव पूर्व प्रधान अवधेश सिंह को सुपुर्द कर दिया गया।