राजाफत्तेपुर (अमेठी)। मोहनगंज क्षेत्र के जमुली फूला गांव में मंगलवार सुबह खड़ंजा मार्ग पर ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक वृद्धा की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके पर वाहन छोड़कर भाग निकला।
बेटे राजकरन ने बताया कि उनकी माता सतराजा (70) मंगलवार सुबह पुराने घर से पैदल नए घर जा रही थीं। खड़ंजा मार्ग पर पहुंचते ही पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चालक भाग चुका था। इंस्पेक्टर राकेश सिंह ने बताया कि मृतका के पुत्र की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है।
बेटा सदमे में, बेसुध हो रहा पति
सतराजा के तीन बेटे थे। बड़े बेटे रामबहादुर का देहांत पहले ही हो चुका था। दूसरा बेटा राम सुमिरन मजदूरी कर परिवार चला रहा है। तीसरा बेटा राजू शहर में काम करता है और एक दिन पहले ही घर लौटा था। राजू का कहना है कि मां के साथ कुछ समय साथ बिताने की इच्छा अधूरी रह गई। हादसे ने परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है। पति विश्वनाथ बार-बार बेसुध हो जा रहे हैं।