अमेठी के डॉ.भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में कबड्डी खेलती छात्राएं।-संवाद
अमेठी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर शनिवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला व पुरुष युवाओं ने सहभागिता की।
मुख्य वक्ता विभाग प्रचारक श्रीप्रकाश ने कहा कि भारत विश्व का नेतृत्व करने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि देश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी युवा वर्ग की है, यही कारण है कि भारत युवा शक्ति के बल पर आने वाले समय में पूरे विश्व का मार्गदर्शन करेगा। जिला संयोजक दिव्यांश मिश्र ने बताया कि खेल महोत्सव के अंतर्गत कबड्डी, दौड़, लंबी कूद और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
महिला कबड्डी का फाइनल मुकाबला भादर और अमेठी की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें अमेठी की टीम विजेता रही। प्रतियोगिता में भादर, अमेठी, जयपुरिया ग्लोबल, भेंटुआ, इंदिरा गांधी पीजी कॉलेज और मनीषी महिला महाविद्यालय की टीमों ने भाग लिया। इस मौके पर जिला प्रचारक पवन, सह विभाग कार्यवाह अंबिका प्रसाद, राघवेंद्र प्रताप सिंह, रुचि सिंह, दिलीप सिंह आदि मौजूद रहे।