अमेठी सिटी। अमेठी महोत्सव पर इस बार जिलेवासियों को करीब 2600 करोड़ की सौगात मिलने वाली है। इनमें से मेडिकल कॉलेज, कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइन और जेल सहित कई बड़े काम लगभग पूरे हो गए हैं, जिनका लोकार्पण होना है। कार्यक्रम जनवरी 2026 में प्रस्तावित है, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बुलाने की कवायद में पूरा सरकारी अमला जुटा हुआ है।
महोत्सव में इस बार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रतिभा सम्मान, विभागीय प्रदर्शनी और फूड कोर्ट आकर्षण बढ़ाएंगे। स्कूल-कॉलेज की टीमें प्रस्तुतियों की तैयारी में जुटी हैं। स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी खास रूप में सजी रहेगी। इस बार कार्यक्रमों का दायरा ब्लॉक तक बढ़ाया जाएगा। तहसीलों और सभी ब्लॉकों में 40 प्रतिशत आयोजन होंगे। इससे दूरस्थ इलाकों के लोगों को भी महोत्सव का अनुभव मिलेगा। ब्लॉक स्तर पर विकास प्रदर्शनी, खेल प्रतियोगिताएं, स्वास्थ्य शिविर और कृषि आधारित कार्यक्रम रखे जाएंगे। प्रशासन सभी कार्य समय सीमा में पूर्ण कराने में जुटा है।
अंतिम चरण में जिला कारागार का निर्माण
गौरीगंज के सकरावां गांव में जिला कारागार का निर्माण अंतिम चरण में है। अक्तूबर 2022 में कैबिनेट की मंजूरी के बाद काम शुरू कराया गया। 172 करोड़ रुपये से नौ बैरक, आवासीय भवन, सुरक्षा ढांचा, प्रसाधन, बाउंड्रीवाल और पेयजल संयंत्र निर्माणाधीन हैं। यहां जेल का संचालन शुरू होने से बंदियों व कैदियों को सुल्तानपुर या रायबरेली नहीं भेजा जाएगा। वहीं स्थायी कलेक्ट्रेट भवन का निर्माण विशुनदासपुर में पैकफेड ने 17.77 करोड़ रुपये से पूरा कराया है। भवन में कामकाज शुरू हो गया है, सिर्फ औपचारिक उद्घाटन शेष है।
मेडिकल कॉलेज का 90 प्रतिशत काम पूरा
तिलोई के पूरे गोबरे में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का 90 प्रतिशत निर्माण पूरा हो गया है। इस काम के लिए 300 करोड़ रुपये का बजट अवमुक्त किया गया है। मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास वर्ष 2021 में किया गया, लेकिन शुरुआत में निर्माण की गति धीमी रही। डीएम के निर्देश के बाद कार्यदायी संस्था ने गति बढ़ाई है। प्रशासनिक भवन, लेक्चर भवन, जेआर-एसआर हॉस्टल, मेस और आवासीय परिसर बन चुका है। 300 बेड का अस्पताल निर्माणाधीन है। 200 बेड का रेफरल अस्पताल कॉलेज में शामिल कर दिया गया है। 31 दिसंबर तक भवन हैंडओवर होने की संभावना है।
नवीन पुलिस लाइन तैयार
गौरीगंज के पलिया वार्ड में पुलिस लाइन का निर्माण पूरा होने के करीब है। 2.25 अरब रुपये इस काम पर खर्च किए गए हैं। 70.5 एकड़ भूमि पर तैयार परिसर में मुख्य भवन, बैरकें, स्कूल, लैब, सड़कें और परेड ग्राउंड का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। एएसपी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि जांच के बाद परिसर हस्तांतरण होगा और 26 जनवरी की परेड नए परेड ग्राउंड में हो सकती है। अमेठी महोत्सव में इसका लोकार्पण भी प्रस्तावित है। इसके अलावा जूनियर हाई स्कूल अमेठी के परिसर में 7.5 करोड़ रुपये की लागत से डायट भवन का निर्माण भी अंतिम चरण में है।
भव्य होगा अमेठी महोत्सव : डीएम
डीएम संजय चौहान ने कहा कि अमेठी महोत्सव भव्य हो इसके लिए तैयारी जोरों पर है। ब्लॉक स्तर तक कार्यक्रम रखे जाएंगे, जिसमें स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा। अमेठी महोत्सव जिले की सांस्कृतिक पहचान और विकास को नई दिशा देगा। जल्द ही इसकी तिथि निर्धारित की जाएगी।