बदमाश कुछ दूर आगे जाने के बाद दोबारा वापस लौटे और दोनों बैंक कर्मियों को असलहा लगाकर उनके मोबाइल मांगे। इस पर कैशियर ने कहा कि उसके दोनों मोबाइल बैग में ही हैं। मैनेजर ने अपनी जेब से निकालकर एक मोबाइल दे दिया। इसके बाद बदमाश भादर की ओर निकलकर चिकुलही चौराहा से नहर पटरी होते हुए कोहड़ौर की ओर निकल गये।
बदमाशों के जाने के बाद मैनेजर ने अपने दूसरे फोन से इसकी सूचना पुलिस व अपने उच्च अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही एसओ रवींद्र सिंह मौके पर पहुंचे। जानकारी मिलते ही एसपी डॉ. ख्याति गर्ग, एएसपी दयाराम सरोज व सीओ अमेठी पीयूष कांत राय भी मौके पर पहुंच गये।
अफसरों के निर्देश पर अमेठी के साथ ही प्रतापगढ़ पुलिस ने बदमाशों की धर-पकड़ के लिए घेराबंदी की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। सूचना पाकर पहुंचे डीआईजी संजीव गुप्ता ने घटना स्थल का जायजा लिया और बैंक अधिकारियों से पूछताछ की।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी।
- फोटो : amar ujala
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए सीओ पीयूष कांत राय के पर्यवेक्षण में एसओजी व स्थानीय थाना के साथ दो स्पेशल टीमों का गठन किया गया है। बैंक मैनेजर व कैशियर से पूछताछ की गई है। जल्द ही लूट में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
प्रतापगढ़ पुलिस ने छीड़ा बॉर्डर पर रोका यातायात
पीपरपुर थाना क्षेत्र के परसोइया के समीप बैंक मैनेजर से हुई 26 लाख की लूट के बाद अमेठी के साथ ही प्रतापगढ़ की भी पुलिस सक्रिय थी। एसपी प्रतापगढ़ के निर्देश पर कोहड़ौर पुलिस ने प्रयागराज-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर छीड़ा बॉर्डर को सील कर दिया। यहां से निकलने वाले दोपहिया व चार पहिया वाहनों की आवाजाही दो घंटे के लिए पूरी तरह बंद कर दी गई।