पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह काजीपुर गांव के पास एंबुलेंस का अगला दाहिना टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में आजमगढ़ के मुबारकपुर क्षेत्र निवासी अनिरुद्ध (40) की मौत हो गई। उनकी पत्नी वंदना (38), बेटी आंचल (18), बेटा राजा (19) तथा हरियाणा के रोहतक स्थित शिवाजी कॉलोनी निवासी एंबुलेंस चालक विकास (45) घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वंदना के मुताबिक उनके पति अनिरुद्ध का रोहतक पीजीआई में इलाज चल रहा था। उपचार के बाद वह पति और बच्चों के साथ एंबुलेंस से घर लौट रही थीं। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर काजीपुर गांव के पास एंबुलेंस का अगला दाहिना टायर फट गया। इससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखीं आलू की बोरियों से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में अनिरुद्ध, वंदना, बेटी आंचल, बेटा राजा तथा चालक विकास घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने सभी को सीएचसी पहुंचाया। वहां से अनिरुद्ध की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। अन्य घायलों की हालत में सुधार बताया गया है। एसओ विवेक वर्मा ने बताया कि परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं हुए। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव लेकर अपने पैतृक गांव रवाना हो गए।
आलू की बोरियों से टकराई एंबुलेंस
यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी कृष्णदेव सिंह ने बताया कि शनिवार रात दुर्घटनाग्रस्त हुई डीसीएम से उतारी गईं आलू की बोरियां सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर रखी गई थीं। अनियंत्रित एंबुलेंस उन्हीं बोरियों से टकराने के बाद पलट गई।
पति की मौत से बिलख उठी पत्नी
अनिरुद्ध की मौत के बाद पत्नी वंदना का रो-रोकर बुरा हाल था। वह कह रही थीं कि इलाज के बाद पति को लेकर घर लौट रही थीं। घर पर सभी लोग इंतजार कर रहे थे, लेकिन अब वह कभी वापस नहीं आएंगे। वंदना की पीड़ा सुनकर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। बेटी आंचल और बेटा राजा भी पिता की मौत से बिलख पड़े।