अमेठी। जिले में मत्स्य पालन के लिए आवंटन करने को 729 तालाब चिन्हित किए गए हैं। लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 260 तालाबों का आवंटन कर दिया गया है। चिन्हित सभी तालाब आवंटित होने से 14.32 लाख रुपये का वार्षिक राजस्व मिलेगा।
जिले भर में 0.20 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल वाले 2100 तालाब खोदाई के लिए सूचीबद्ध किए गए हैं। जिले में इस वर्ष मनरेगा से अब तक 1,591 तालाबों की खोदाई कराई जा चुकी है। इसमें से जिले में 729 तालाब मत्स्य पालन के लिए उपयुक्त पाए गए हैं। खोदाई का कार्य पूरा होने के बाद एसडीएम की ओर से सभी चार तहसीलों में मछुआ समुदाय व मत्स्य पालन के इच्छुक व्यक्तियों को 260 तालाबों का आवंटन कर दिया गया है। डीएम अरुण कुमार ने बताया कि खेती की अपेक्षा मत्स्य पालन से किसानों की आय में बढ़ोतरी होगी।खोदाई कार्य पूरा होने के बाद उसका पट्टा देने का काम चल रहा है। जल्द ही 729 तालाबों का मत्स्य पालन के लिए आवंटन कर दिया जाएगा। 729 तालाबों से प्रति हेक्टेयर दो हजार रुपये की दर से 14.32 लाख रुपये का वार्षिक राजस्व मिलेगा।