अमेठी। कोरोना का खौफ कम होने के साथ संक्रमण पर भी काफी हद तक काबू पाया जा चुका है। कई माह तक दहशत में जीवन गुजारने वालों को यह जानकर खुशी होगी कि एक हफ्ते से जिले में एक भी पॉजिटिव केस नहीं मिला है। इतना ही नहीं इस समय अमेठी में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या भी घटकर मात्र दो रह गई है।
जिले में कोरोना का पहला पॉजिटिव केस पांच मई 2020 को सामने आया था। इसके बाद प्रति दिन कोरोना के पॉजिटिव मिलने का सिलसिला शुरू हो गया। एक समय ऐसा भी आया जब जिले में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या हजार का आंकड़ा पार कर गई। समय के साथ हालात काबू में आए। लोगों को यह जानकर खुशी होगी कि करीब 10 माह बाद जिले में संक्रमण काफी हद तक काबू हो चुका है। जिला प्रशासन की ओर से सोमवार को जारी कोरोना से जुड़े आंकड़ों के अनुसार इस समय जिले में कोरोना के मात्र दो एक्टिव केस हैं। दो मरीजों में से एक अपने घर पर रहकर उपचार करवा रहा है तो एक को लखनऊ के केजीएमयू स्थित एल-3 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि पिछले एक हफ्ते में कोरोना का एक भी मामला सामने नहीं आया है।