अमेठी। शहर में आए दिन लगने वाली जाम की समस्या सहालग के मौसम में विकराल हो गई है। शहर से होकर गुजरने वाले राहगीर जाम के झाम में फंसकर तो तिराहों चौराहों पर लगी पुलिस इसे समाप्त कराने में परेशान रहती है।
शहर में सड़कों की चौड़ाई कम होने से यहां जाम लगना आम बात है। जाम की समस्या किसी एक रोड पर हो ऐसा भी नहीं है। हालांकि जाम की मुख्य समस्या गौरीगंज अमेठी मार्ग व ककवा मार्ग पर है।
जाम की सबसे खराब स्थिति चौक, ककवा रेलवे क्रॉसिंग व सगरा तिराहे पर होती है। जाम से निजात दिलाए जाने के लिए बाईपास और रेलवे फ्लाई ओवर का निर्माण चल रहा है। फ्लाई ओवर का निर्माण होने से ककवा मार्ग बंद है।
ऐसे में ककवा मार्ग बंद होने और सहालग का मौसम होने के चलते जाम की स्थिति और गंभीर हो गई है। शहर में दुकानदारों ने पटरी के साथ काली सड़क तक पर कब्जा कर लिया है। ऐसे में दुकानों पर आने वाले ग्राहक अपने साधन सड़क पर ही खड़ाकर खरीदारी करने में जुट जाते हैं।
बेतरतीब खड़े वाहन एवं अतिक्रमण शहर में जाम की स्थिति को भयावह बना देते हैं। हालात यह है कि शहर में सुबह से लेकर शाम तक जाम की स्थिति बनी रहती है। राहगीर जाम में फंसकर घंटों परेशान रहते हैं। यातायात पुलिस भी जाम लगने के बाद थकी हारी से दिखती है।