जगदीशपुर (अमेठी)। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सोमवार को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री लोगों की गर्मी निकालने की बात कह रहे हैं लेकिन सपा की सरकार बनते ही हम भर्ती निकाल प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने का काम करेंगे। भाजपा नेता सिर्फ झूठ बोल रहे हैं। जितना बड़ा नेता उतना बड़ा झूठ। कई नेता सफेद तो झूठ बोल रहे हैं। योगी को बुलडोजर बाबा की संज्ञा देते हुए कहा कि भाजपाई इतने पढ़े लिखे हैं कि उन्हें कक्षा 12 और इंटर में अंतर नहीं पता।
मुबारकपुर स्थित मैदान में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे अखिलेश ने कहा कि काका (काले कानून) तो चले गये अब बाबा का नंबर है। बाबा का बुलडोजर खराब हो गया है। बाबा प्रदेश में विकास के नाम पर नाम बदलने का काम करते थे। अब उनका ही एक नया नाम सामने आया है बुलडोजर बाबा। उन्होंने कहा कि बुलडोजर बाबा ने अपने बुलडोजर को मरम्मत के लिए भेजा है क्योंकि उनको पता चल गया है कि उनकी सरकार जा रही है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि इस बार वह नहीं बल्कि जनता खुद उनका चुनाव लड़ रही है। यदि सपा की सरकार बनी तो तीन सौ यूनिट बिजली व किसानों की सिंचाई का बिल फ्री किया जाएगा। जबसे सपा ने यह बात कही है तब से बीजेपी कार्यकर्ताओं की बत्ती गुल हो गई है। बड़े नेताओं के ट्रांसफार्मर फुंक गये हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी ने किसानों की आय दोगुनी होने की बात कही थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
किसानों को धान बेचने के लिए ही भटकना पड़ा है। किसानों को खाद नहीं मिल रही है, यूरिया मिलती है तो उसकी बोरी में भी पांच किलो कम खाद निकलती है। कहा कि बीजेपी नेता पहले चरण के चुनाव में ठंडे पड़ गये थे, दूसरे में ढीले हुए जबकि तीसरे व चौथे चरण में वे शून्य हो जाएंगे। अखिलेश ने कहा कि यदि भाजपा की सरकार बनी तो आने वाले समय में पेट्रोल दो सौ रुपये लीटर बिकेगा।
तंज कसते हुए कहा कि देश का एक उद्योगपति 28 बैंकों का 23 हजार करोड़ रुपये लेकर भाग जाता है। वह कहां का है, यह सब जानते हैं। जबकि किसी किसान का यदि जरा सा भी कर्ज है तो उसे अपनी जमीन बेचनी पड़ती है और किसानों को बैंक से आसानी से कर्ज भी नहीं मिलता है। कहा कि जो मुख्यमंत्री लैपटॉप व स्मार्टफोन नहीं चला पाता वह युवाओं को सुविधाएं कैसे देगा। इस दौरान उन्होंने जिले के सभी सपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील भी लोगों से की।
शिक्षामित्र व अनुदेशकों को दिया आश्वासन
सपा की जनसभा में शिक्षामित्र, अनुदेशक व ग्राम रोजगार सेवक के विषय पर अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर सभी की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। कहा कि भाजपा सरकार में इन सभी पर लाठीचार्ज किया गया। सरकार बनने पर वह प्रदेश में खाली पड़े 11 लाख पदों पर युवाओं की भर्ती कर रोजगार देंगे। निजी सेक्टर में 22 लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस में भर्ती करेंगे।
पार्टी प्रत्याशियों को जिताने की अपील की
जनसभा के दौरान अखिलेश ने गौरीगंज के सपा प्रत्याशी राकेश प्रताप सिंह, तिलोई प्रत्याशी मो. नईम, जगदीशपुर प्रत्याशी विमलेश सरोज व अमेठी की पार्टी प्रत्याशी महाराजी देवी को जिताने की अपील की। अखिलेश के मंच पर सपा जिलाध्यक्ष रामउदित यादव, मो. अरशद, बबलू यादव, गौरी प्रसाद मौर्य आदि मौजूद रहे। हाल ही में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य बनाए गए प्रियंक हरि विजय तिवारी %धीरू’ व बड़ी संख्या में उनके समर्थकों ने अखिलेश की मौजूदगी में सपा की सदस्यता ग्रहण की। अखिलेश ने कहा कि धीरू गौरीगंज के मजबूत ब्राम्हण नेता हैं। उनके आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी।