29 : गौरीगंज : कोहरे व धुंध के बीच लाइट जलाकर वाहन चलाते लोग। -संवाद
- फोटो : AMETHI
गौरीगंज (अमेठी)। जनवरी माह में लगातार मौसम परिवर्तन के बीच हुई बरसात के बाद कोहरे के साथ ठंड बढ़ गई है। रविवार रात बरसात के बाद सोमवार पूरा दिन बादल के साथ कोहरा छाया रहा। दिन भर धूप नहीं निकली तो बर्फीली हवा और गलन ने लोगों को परेशान कर दिया।
पिछले कई दिनों से मौसम लगातार बदल रहा है। रविवार रात में जिले के तकरीबन सभी इलाकों में तेज बरसात हुई। शीत लहर के बीच बढ़ी ठंड बचाव के सभी इंतजाम को नाकाफी साबित कर रही है। रविवार रात बरसात के बाद सोमवार को पूरा दिन बादल छाए रहे तो कोहरे व धुंध की चादर कायम रही। दोपहर बाद कोहरा तो हटा लेकिन हवा कम नहीं हुई।
मौसम परिवर्तन के बाद फसलों के प्रभावित होने की संभावना बढ़ गई है। सोमवार पूरे दिन धूप नहीं निकलने तथा बर्फीर्ली हवा ने एक बार फिर लोगों को कांपने पर मजबूर कर दिया। सोमवार को आवश्यक कार्य से बाहर निकलने वाले लोग अलाव ढूंढते नजर आए तो सरकारी अलाव भी ठंड में राहत देने के बजाए खुद ठंडे पड़े रहे।
बारिश के आसार नहीं
जगदीशपुर (अमेठी)। क्षेत्र में पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से परेशान हो चुके लोगों के लिए फिलहाल राहत भरी खबर है। मौसम वैज्ञानिक ने पूर्वानुमान में बताया है कि अगले 24 घंटों में बारिश होने के कोई आसार नहीं है। लेकिन बादल और कोहरा अभी छाया रहेगा।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि आगामी 24 घंटे में प्रदेश के पूर्वी हिस्से में हल्के बादल और कोहरा छाया रहेगा, लेकिन बारिश के आसार नहीं है। उन्होंने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम था और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। बताया कि सोमवार की सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 95 प्रतिशत और न्यूनतम सापेक्षिक आर्द्रता 90 प्रतिशत रही। हवा की गति 3.6 किमी/घंटा और हवा की दिशा उत्तर पश्चिमी रही तथा वर्षा 3.6 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई।