अमेठी सिटी। जिले के प्रमुख कस्बों में जाम की बड़ी वजह बन रहे अतिक्रमण पर रविवार को प्रशासन की नजर टेढ़ी हो गई। बुलडोजर से लैस प्रशासन की टीम ने सड़कों और नालियों पर हुए अतिक्रमण को हटवा दिया। साथ ही व्यापारियों को आइंदा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान व्यापारियों में अफरातफरी मची रही। तमाम स्थानों पर व्यापारी अपना सामान स्वयं समेटते नजर आए।
अमेठी कस्बे से गुजरने वाली सड़कों के किनारे बनी नालियों तक अस्थायी अतिक्रमण होेने से लगातार भीषण जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी। इसे देखते हुए रविवार को एसडीएम आशीष सिंह की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू हुआ। गांधी चौक, सगरा तिराहा, बस स्टाॅप, प्रधान डाकघर तिराहा, कोतवाली तिराहा, गौरीगंज मार्ग पर हुए अतिक्रमण को बुलडोजर से हटवाया गया।
सड़क किनारे बनी नालियों तक फैले टिन शेड को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही व्यापारियों को सड़क किनारे बनी नाली के बाहर कोई भी सामान नहीं रखने की हिदायत दी गई। गौरीगंज कस्बे में अभियान की अगुवाई एसडीएम दिग्विजय सिंह ने की। बुलडोजर से लैस टीम ने कोतवाली के सामने से लेकर नहर के किनारे तक सड़क पर हुए अतिक्रमण को हटवा दिया। अभियान के दौरान पुलिस मौजूद रही।
मुसाफिरखाना कस्बे में एसडीएम प्रीती तिवारी ने अतिक्रमण हटवाया। अतिक्रमण अभियान तिलोई कस्बे में भी चला। यहां एसडीएम अमित सिंह ने सड़क और नालियों पर हुए अतिक्रमण को हटवाया। शनिवार की शाम जायस कस्बे में अतिक्रमण हटाया गया था। बाजारशुकुल कस्बे में थानाध्यक्ष दयाशंकर मिश्रा ने बाजार का भ्रमण कर अतिक्रमण को चिह्नित कराया। कुछ व्यापारियों ने चिह्नीकरण के बाद अपना सामान खुद हटा लिया। अन्य व्यापारियों को अतिक्रमण हटाने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है।