अमेठी सिटी। जिले के 33 परिषदीय स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष का निर्माण किया जाएगा। शासन की ओर से 33 अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए 3.05 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। जिले में जर्जर हो चुके स्कूलों में यह व्यवस्था की जा रही है। धनराशि स्कूल प्रबंधन के खाते में भेज दी गई है।
परिषदीय स्कूलों में जर्जर हो चुके भवन के चलते बच्चों के बैठने की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसके लिए जिले के 33 विद्यालयों में निर्माण कार्य होना है। बीएसए संजय तिवारी के अनुसार जर्जर भवन के बदले नए कक्ष का निर्माण होगा, जिसके लिए शासन से बजट की मांग की गई थी। जिसमें एक सप्ताह पहले 3.05 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। जिसे अब स्कूल प्रबंधन समिति के खाते में भेज दिया गया है। शासन की ओर से प्रति अतिरिक्त कक्ष के हिसाब से नौ लाख 27 हजार रुपये का बजट दिया गया है। इस प्रकार कुल 33 अतिरिक्त कक्ष के निर्माण के जिए तीन करोड़ पांच लाख 51 हजार रुपये जारी किए गए हैं।
डीसी निर्माण आकाश श्रीवास्तव ने बताया कि जामो के प्राथमिक विद्यालय पूरे गढ़ीपार में निर्माण कार्य होगा। भादर के प्राथमिक विद्यालय धमऊ में निर्माण कराया जाएगा। मुसाफिरखाना के प्राथमिक विद्यालय दुअरिया द्वितीय में दो अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। इसी ब्लाॅक के गल्लामंडी, नंदोर, पूरे दलई नेवादा, भेटुआ के पूरे कोदई व पूरे बसावन तिवारी में अतिरिक्त कक्ष बनेगा। बहादुरपुर ब्लाक में छह अतिरिक्त कक्ष बनाए जाएंगे।
यहां पर प्राथमिक विद्यालय पूरे बेसन, पूरे नेवाज, बूलेमऊ, पैलेपार, तिनेरा व प्राथमिक विद्यालय निजाम पाकर में अतिरिक्त कक्ष का निर्माण कराया जाएगा। जगदीशपुर विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर प्रथम, पूरे केशवदास व प्रेमगढ़ में अतिरिक्त कक्ष बनेगा। गौरीगंज के प्राथमिक विद्यालय असुरा व पूरे गौतम, संग्रामपुर के प्राथमिक विद्यालय बड़गांव प्रथम, शाहगढ़ के बहीरखा व सुवियापुर, सुकुलबाजार के पूरे गंगा अहिर, भाबल, भट पुरवा, सिंहपुर के मेंझार, पूरे मोहनलाल व अचलगढ़, तिलोई के पूरे पंडित, पूरे बाबा लोनियावीर, पूरे ततेरग्रहवा व सतवा में निर्माण कार्य होगा।
जामो के पूरबगौरा का प्रस्ताव स्थगित
जिले में जामो के पूरबगौरा प्राथमिक विद्यालय में भी अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए प्रस्ताव था, जिसकी स्वीकृति भी हो गई थी। लेकिन कक्ष निर्माण की जगह विवादित होने के चलते प्रस्ताव स्थगित कर दिया गया है। डीसी निर्माण आकाश श्रीवास्तव ने बताया कि मामला हल होने के बाद ही कार्य किया जाएगा।