तिलोई तहसील पर प्रदर्शन करती महिलाएं।
अमेठी सिटी। कमरौली थाना क्षेत्र स्थित बीएचईएल की हाईटेक टाउनशिप में हुई लाखों की चोरी का अब तक खुलासा न होने से महिलाएं तिलोई तहसील पहुंचीं। उन्होंने प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन सौंप कर शीघ्र मामले के खुलासे की मांग की।
30 सितंबर को भेल टाउनशिप में एक ही रात कई घरों को चोरों ने निशाना बनाया और 70 लाख की नकदी समेत सोने-चांदी के कीमती जेवरात पार कर दिए थे। आरोप है कि मामले में पुलिस ने लीपापोती की और मनचाही धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गंभीर प्रकरण को रफा-दफा कर दिया। शनिवार को पीड़ित महिलाएं तिलोई तहसील पहुंचीं, जहां संपूर्ण समाधान दिवस में मौजूद जिलाधिकारी को आपबीती सुनाई और ज्ञापन सौंपा।
डीएम ने महिलाओं को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके पूर्व महिलाओं ने यहां प्रदर्शन कर विरोध जताया। इस मौके पर गायत्री देवी, आशा देवी, गीता देवी, ज्योति, सीमा तिवारी, संदीप तिवारी, आर्यदीप, जवाहरलाल, बृजेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।