कलेक्ट्रेट परिसर में नायब तहसीलदार अनुश्री को ज्ञापन देने पहुंचे आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी।
अमेठी सिटी। अमेरिका के साथ व्यापार संधि को लेकर आप कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध प्रदर्शन कर समझौते की प्रतियां जलाईं। साथ ही ट्रेड डील को स्थगित करने के लिए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा। कार्यकर्ताओं ने इसे किसानों के हितों पर प्रहार और आर्थिक सुरक्षा पर खतरा बताया है।
पार्टी जिलाध्यक्ष अनुराग शुक्ल ने आरोप लगाया कि इस व्यापार संधि के तहत अमेरिका भारतीय उत्पादों पर 18 फीसदी टैक्स लगाएगा, जबकि भारत अमेरिकी उत्पादों पर शून्य फीसदी टैक्स वसूलेगा। सबसे गंभीर चिंता का विषय यह है कि भारत का कृषि बाजार अमेरिकी किसानों के लिए खोल दिया गया है, जिन्हें वहां भारी सब्सिडी मिलती है। ऐसे में बिना सब्सिडी वाले भारतीय किसान उनसे कैसे प्रतिस्पर्धा करेंगे।
इससे देश की आर्थिक और खाद्य सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। इस मौके पर शिव प्रसाद कश्यप, आवेश हनफी, धर्मेशचंद्र मिश्र, डॉ. मलखान सिंह, देवांश आदि मौजूद रहे।