शाहगढ़। गौरीगंज के कुशबैरा रामगंज गांव निवासी दिलीप कुमार यादव (28) की बाइक बृहस्पतिवार को मुसाफिरखाना मार्ग पर भीखीपुर के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में दिलीप की मौत हो गई। उनकी दिलीप की मां सुशीला (50) और भाभी सुमन गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों घायल जिला अस्पताल में भर्ती हैं।
दीपक के अनुसार उनके भाई दिलीप बाइक से मां सुशीला (50) और भाभी सुमन के साथ मुसाफिरखाना उपचार कराने गए थे। लौटते समय गौरीगंज-मुसाफिरखाना मार्ग पर भीखीपुर के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन की चपेट में उनकी बाइक आ गई। हादसे में तीनों घायल हो गए। चालक वाहन सहित मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को सीएचसी मुसाफिरखाना पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने दिलीप को मृत घोषित कर दिया।
सुशीला और सुमन की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में दोनों भर्ती हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दिलीप ने हेलमेट पहन रखा था, फिर भी पिकअप की चपेट में आने से उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर विवेक सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।