सिंहपुर। शिवरतनगंज के पूरे दुनिया मजरे खारा में रविवार को मीना (41) की सांप के डसने से मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मोहन ने बताया कि उनकी पत्नी मीना दोपहर बाद खेत में घास काट रही थी। इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया। तबीयत खराब होने के बाद पास में घास काट रही गावं की रहने वाली महिला ने उन्हें जानकारी दी। मीना को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहपुर ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. सुनील चौधरी ने बताया कि महिला अस्पताल आने से पहले ही गंभीर हालत में थी।
मीना की मौत से उसकी तीन बेटियां काजल (17), आंचल (14) और प्राची (10) का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी बेटी काजल बार-बार रोते हुए कह रही थी कि अब मां जैसा प्यार और दुलार किससे मिलेगा। बेटी आंचल और प्राची भी लगातार मां के लिए रो रही हैं। मोहन मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन करते हैं। पत्नी की मौत से मोहन भी रोते नजर आए और बेटियों को सांत्वना देने में जुटे हैं।