जामो (अमेठी)। इलाके के देवनगर चौराहे पर रविवार रात एक बेकाबू ट्राॅला पहले सड़क किनारे पेड़ से टकराया, फिर एक बाइक को कुचलता हुआ कॉम्प्लेक्स में जा घुसा। हादसे में एक बाइक सवार दखिनवारा निवासी अनुज कुमार (25) की मौत हो गई और उसका साथी कुलदीप कुमार (30) और रायबरेली के राजापुर गांव निवासी ट्राॅला चालक हंसराज घायल हो गए।
दखिनवारा गांव के मनोज के मुताबिक उनका भाई अनुज रविवार
को वारिसगंज निवासी कुलदीप संग देर शाम बाइक से निमंत्रण में शेखपुर थाना जगदीशपुर जा रहे थे। कुलदीप अनुज की बहन का चचेरा देवर है। रात में एक फोन पर सूचना मिली कि अनुज व कुलदीप सड़क हादसे में जायस जगदीशपुर मार्ग पर देवनगर चौराहे के पास घायल हो गए हैं। दोनों को सीएचसी जगदीशपुर पहुंचाया गया। परिजनों संग भागकर अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि दोनों को डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्राला की रफ्तार बहुत तेज थी और संभवतः चालक को झपकी आने के कारण वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा। हादसे में कॉम्प्लेक्स में स्थित कई दुकानें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि हादसा सुबह हुआ था और कॉम्प्लेक्स में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, वरना जनहानि और अधिक हो सकती थी।
दुकानों और मकान को भारी नुकसान
कॉम्प्लेक्स के मालिक गौतपुर निवासी अवधेश मणि त्रिपाठी ने बताया कि हादसे में उनके मकान को करीब 10 लाख रुपये का नुकसान पहुंचा है। किराएदार धनंजय शुक्ला की किराना दुकान में दो लाख और बाबा दीन के होटल में लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
अनुज को पुकारते बेसुध हुई मां
अनुज की मौत की खबर मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। मां सूरज कला रोते-रोते बेटे को पुकारते हुए बेसुध हो गई। भाई मनोज कुमार और बहनें रेनू, लता, मीनू का रो-रोकर बुरा हाल है।
इनसेट
अभी नहीं मिली कोई तहरीर
इंस्पेक्टर विनोद सिंह ने बताया कि ट्राला को कब्जे में ले लिया गया है। फिलहाल कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है।