अमेठी सिटी। गर्मी में ट्रेनों की लेटलतीफी यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। सोमवार को गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर दिल्ली-मालदा टाउन एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनें देरी से पहुंचीं, जिससे यात्री परेशान रहे। प्लेटफॉर्म पर बैठे यात्रियों को उमस के बीच इंतजार करना पड़ा।
दिल्ली से रवाना होकर सोमवार सुबह 4:37 बजे गौरीगंज पहुंचने वाली मालदाटाउन एक्सप्रेस करीब आठ घंटे की देरी से दोपहर 12:28 बजे स्टेशन पर पहुंची। इस ट्रेन से वाराणसी जाने वाले यात्री सोमेश कुमार, रंजीत कुमार और कपिल देव ने बताया कि उन्होंने गंगा स्नान और काशी विश्वनाथ दर्शन की योजना बनाई थी, लेकिन ट्रेन लेट होने से सारी योजना बिगड़ गई। हालांकि उन्होंने कहा कि दर्शन जरूर करेंगे, चाहे देर से ही क्यों न पहुंचें।
वहीं, दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस भी दो घंटे की देरी से गौरीगंज पहुंची। ट्रेन से परिजनों संग यात्रा कर रहे संतोष दुबे ने बताया कि गर्मी में छोटे बच्चों के साथ ट्रेन की देरी ने उन्हें परेशान कर दिया। अन्य यात्री भी इसी तरह की दिक्कतों का सामना करते नजर आए। भोपाल-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस, लखनऊ-प्रयागराज संगम पैसेंजर, जनता एक्सप्रेस, पंजाब मेल, अर्चना एक्सप्रेस और उद्योग नगरी एक्सप्रेस भी देरी से गौरीगंज रेलवे स्टेशन पहुंचीं। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि ट्रेनों के आगमन की सूचना समय-समय पर यात्रियों को दी जा रही है। अपरिहार्य कारणों से ट्रेनें विलंब से संचालित हुईं।