गौरीगंज (अमेठी)। जन विश्वास रैली के बहाने स्मृति ने भी गांधी परिवार को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश की। अमेठी की बदौलत 40 साल तक सत्ता सुख भोगने वाले इस परिवार ने अमेठी के लोगों को ठगा है। हाथ में साइकिल और साथ में हाथी रख कर इस खानदान ने अमेठी के लोगों का तिरस्कार किया है।
केंद्रीय मंत्री ने भाषण की शुरुआत ‘घर-घर गूंजे एक ही नाम, जय श्रीराम जय श्रीराम’ से की। मंत्री ने कहा कि अमेठी का विकास 40 साल तक अवरुद्ध रहा। एक परिवार ने जिस अमेठी के किसान को गरीब बनाकर रखा उसे हमारी सरकार ने सालाना छह हजार रुपये दिये।
स्मृति ने कहा कि मैं गांधी परिवार से पूछना चाहती हूं कि जिस अमेठी की बदौलत आपने लंबे समय तक राज किया उस अमेठी के 2.50 लाख लोगों को पांच लाख रुपये सालाना के मुफ्त इलाज की सुविधा क्यों नहीं दी। गरीब के घर में जाकर खाने और फोटो खिंचाने से उसकी दिक्कतें दूर नहीं हो जातीं। मेरे सांसद बनने के बाद अमेठी के 14 लाख लोगों को मुफ्त अनाज मिला।
अमेठी को मेडिकल हब बनाया। रेफरल अस्पताल, राजकीय मेडिकल कॉलेज व ट्रॉमा सेंटर दिया। आवास निर्माण में जिला देश में पहले स्थान पर आया। जिले के 71 हजार परिवारों को आवास दिया। सपा-बसपा के गुंडों की गुंडई समाप्त की।
अमेठी में पहली बार खाद की रैक उतरी। मृदा परीक्षण प्रयोगशाला और केवीके बना। अयोध्या व रायबरेली को जिले से जोड़ने वाला राजमार्ग व लखनऊ को गाजीपुर से जोड़ने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेेस का निर्माण कराया। स्मृति ने राहुल व प्रियंका की पदयात्रा पर भी तंज किया। कहा भाई बहन हिंदू-हिंदुत्व का विश्लेषण कर रहे हैं। कभी खुद में झांककर देखें कि वे क्या हैं।
सड़कें जाम, लोग हुए परेशान
जगदीशपुर (अमेठी) सोमवार को कस्बे में आयोजित जन विश्वास यात्रा के समापन मौके पर भारी भीड़ जुटी। भीड़ से सभी तरफ की सड़कें जाम रहीं। जनसभा स्थल को जाने वाले दोपहिया और चार पहिया वाहनों को सभा स्थल से कई किलोमीटर भर पहले रोक दिया गया।
हाईवे से आने वाले वाहनों को कस्बे की तरफ नहीं आने दिया गया। लखनऊ-वराणसी हाईवे से जाने वालों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। कस्बे के भीतर से होकर गुजरने वाले लोग जाम में फंसे रहे। इलाज के लिए अस्पताल और ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को निहालगढ़ रेलवे स्टेशन तक आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ी। सोमवार को कस्बे को आने वाली सभी सड़कों पर सिर्फ नारेबाजी सुनाई पड़ रहती रही।