बाजारशुकुल। मखदूमपुरकला गांव से गुजरने वाली गोमती नदी पर आवागमन सुगम बनाने के लिए पक्के पुल के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। इस कार्य पर 37 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च होगी। इस पुल के निर्माण से क्षेत्र की लगभग एक लाख की आबादी का आवागमन सुगम बनने के साथ ही रामनगरी अयोध्या की दूरी में भी कमी आएगी। नया मार्ग अयोध्या की दूरी लगभग 15 किलोमीटर तक कम कर देगा, जिससे यात्रा के समय और खर्च दोनों में कमी आएगी।
ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में देवगांव रियासत ने इस स्थान पर एक पक्का पुल बनवाया गया था, जो क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। इस मार्ग पर आवागमन बंद होने से लोगों को गंतव्य तक जाने के लिए वैकल्पिक रास्तों से लंबा चक्कर लगा कर गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। बरसात में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने पर आवागमन और दुश्वार हो जाता है। कई बार ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर नाव के सहारे नदी पार करनी पड़ती है। नए पुल के निर्माण से आवागमन सुचारु व सुरक्षित बन सकेगा। सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर प्रशांत सिंह ने बताया कि मखदूमपुर में पुल निर्माण को मंजूरी मिल गई है। जल्द ही कार्यदायी संस्था का चयन कर निर्माण शुरू कराया जाएगा
इन गांवों के लोगों को मिलेगा फायदा
पुल बनने से मखदूमपुरकला, बदलगढ़, जालिम का पुरवा, वक्तावर नगर, जौदिल मऊ, पारा, अब्दुल्ला बाहरपुर, नुरदीपुर, फुंदनपुर, जलाली, बलापुर, शेखपुर भडरा, छज्जूपुर, मोहिउद्दीनपुर, कल्याणपुर सहित आसपास के कई गांवों के निवासियों को सीधा फायदा मिलेगा।