गौरीगंज (अमेठी)। डीएम की स्वीकृति के बाद पिछले 20 मार्च को पंचायत विभाग की ओर से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की आरक्षण सूची जारी की गई थी। सूची जारी होने के बाद से अब तक ब्लॉक मुख्यालयों तथा डीपीआरओ कार्यालय पर कुल 79 आपत्तियां दाखिल हुई हैं।
20 मार्च को आरक्षण की अनंतिम सूची जारी करने के बाद विभाग की ओर से 23 मार्च तक आपत्ति दाखिल करने की तिथि नियत की गई है। आपत्ति दाखिल करने के लिए सभी मुख्यालयों, जिला पंचायत तथा डीपीआरओ कार्यालय पर एक-एक कर्मचारी आपत्ति रिसीव करने के लिए नामित किए गए हैं।
डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने बताया कि प्रधान पद पर सिंहपुर में दस, मुसाफिरखाना में सात, संग्रामपुर में एक व बहादुरपुर में चार के साथ डीपीआरओ कार्यालय में दो दिन में 40 आपत्तियां दाखिल हुई हैं। इ
सी तरह ग्राम पंचायत सदस्य पद पर तिलोई व सिंहपुर में एक-एक तो क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए मुसाफिरखाना में चार, सिंहपुर में तीन व संग्रामपुर में दो के अलावा कार्यालय में चार प्रत्यावेदन मंगलवार तक प्राप्त हुए हैं।
जिला पंचायत सदस्य पद पर डीपीआरओ कार्यालय में अब तक दो आपत्तियां आई हैं। कहा कि सभी आपत्तियों को एकत्र किया जा रहा है। 23 मार्च तक सभी ब्लॉक मुख्यालयों के साथ ही जिला पंचायत कार्यालय पर जमा आपत्तियों को डीपीआरओ कार्यालय में जमा करने को कहा गया है।
इसके बाद डीपीआरओ कार्यालय में सभी आपत्तियों को पदवार एकत्र कर डीएम की ओर से गठित निस्तारण कमेटी के समक्ष रखा जाएगा।
कमेटी 24 व 25 मार्च को गुण-दोष के आधार पर आपत्तियों का निस्तारण करेगी। निस्तारण के बाद डीएम की संस्तुति मिलने पर 26 मार्च को जिला स्तर पर पंचायत आरक्षण सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
आपत्ति निस्तारण के लिए गठित हुई टीम
ग्राम पंचायत पदवार आरक्षण पर 23 मार्च तक प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण के लिए डीएम अरुण कुमार के निर्देश पर टीम गठित की गई।
डीपीआरओ श्रेया मिश्र ने बताया कि डीडीओ, पीडी ग्राम्य विकास, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार, जिला कृषि अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, डीएसटीओ, एएसओ माध्यमिक, प्राचार्य पॉलीटेक्निक, जिला उद्यान अधिकारी, सहायक अभियंता लघु सिंचाई व मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के साथ एडीओ पंचायत को नामित किया गया है। नामित टीम को ब्लॉक आवंटित कर प्राप्त आपत्तियों का 24 व 25 मार्च को विकास भवन सभागार मेें परीक्षण कर निस्तारण करने का निर्देश दिया गया है।