गौरीगंज (अमेठी)। पंचायत चुनाव को लेकर सक्रियता बढ़ने के साथ अवैध शराब की कारोबार भी तेजी पकड़ रहा है। ऐसे दो लोगों को रविवार रात पुलिस ने गिरफ्तार करने के साथ बोलेरो जीप में 18 पेटी (810 शीशी) शराब बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पंचायत चुनाव में खपाने के लिए अवैध तरीके से शराब तैयार की थी।
संग्रामपुर क्षेत्र में स्थानीय पुलिस व स्वाट ने सहजीपुर बैरियर के पास से एक बोलेरो जीप से 18 पेटी में 810 शीशी शराब बरामद की। जीप से पकड़े गए दो लोगों की पहचान धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रानू तथा शैलेंद्र प्रताप सिंह उर्फ टीपू निवासी दादूपुर थाना अंतू जिला प्रतापगढ़ के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि बरामद शराब अपमिश्रित है। इसे चुनाव में खपाने के लिए तैयार कराया है। शीशी में शराब भरकर नकली रैपर व बारकोड लगाया है। सोमवार दोपहर एएसपी विनोद पांडेय ने कार्रवाई की जानकारी दी।