अमेठी सिटी। जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा-6 में प्रवेश के लिए शनिवार को होने वाली प्रवेश परीक्षा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर लीं गईं हैं। परीक्षा के लिए जिले के सभी 13 विकास खंडों में एक-एक केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इस तरह कुल 13 परीक्षा केंद्रों पर 4229 परीक्षार्थियों के लिए व्यवस्था की गई है।
जवाहर नवोदय विद्यालयों में निशुल्क व बेहतर शिक्षा के लिए 18 जनवरी को प्रवेश परीक्षा हो रही है। इसके लिए गौरीगंज के पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में परीक्षा प्रश्न पत्र का वितरण व संकलन की व्यवस्था की गई। इसी के साथ ही अधिकारियों से वार्ता कर परीक्षा की निगरानी के लिए जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है। जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों के लिए खंड शिक्षा अधिकारी को स्टेटिक मजिस्ट्रेट नामित किया गया है। इसी के साथ बीएसए, डीआईओएस आदि को भी निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। अपर जिला मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता परीक्षा के जिला नोडल हैं। उन्होंने सभी नामित स्टेटिक मजिस्ट्रेट को केंद्र व्यवस्थापकों से समन्वय स्थापित कर नकल विहीन व शांतिपूर्ण परीक्षा कराने का निर्देश दिया है।
जिला मुख्यालय गौरीगंज स्थित रणंंजय इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। प्रधानाध्यापक डॉ. सुनील शुक्ला ने बताया कि कुल 14 कमरों में परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। सुबह 11:30 से दोपहर डेढ़ बजे तक कुल दो घंटे की परीक्षा होगी। इसके लिए कमरों में सीट के आगे रोल नंबर अंकित कर दिए गए हैं। परीक्षा की तैयारी के लिए शुक्रवार को विद्यालय में बच्चों का अवकाश दोपहर में ही कर दिया गया।
प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए हुई बैठक
तिलोई। जवाहर नवोदय विद्यालय की शनिवार को होने वाली प्रवेश परीक्षा की तैयारी को लेकर तिलोई ब्लॉक के श्री सुभाष पशुपतिनाथ विद्यापीठ इंटर कॉलेज में बैठक हुई। प्रधानाचार्य प्रेम कुमार मिश्र ने विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को परीक्षा से संबंधित जानकारियां एवं आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर परीक्षा प्रभारी अनिल श्रीवास्तव, प्रमोद पाल आदि मौजूद रहे।