अमेठी सिटी। महाकुंभ मेले में श्रद्धालुओं को बेहतर यात्रा की सुविधा मुहैया कराने के लिए अमेठी डिपो सोमवार को अलग-अलग स्थानों से 35 बसों का संचालन प्रयागराज के लिए करेगा। रविवार को परिवहन विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा रहा।
प्रयागराज संगम में सोमवार से महाकुंभ का आगाज होगा। पौष पूर्णिमा पर स्नान व दर्शन कर कल्पवासी भी रवाना होंगे। ऐसे में परिवहन विभाग जिले के लोगों को संगम तक पहुंचाने में सुविधा देने के लिए रणनीति तैयार कर चुका है। दो बसें जायस व दो बसें जगदीशपुर से श्रद्धालुओं को लेकर प्रयागराज जाएंगी। वहीं डिपो से पांच बसें कादीपुर से होकर प्रयागराज, पांच बसें अमेठी डिपो से प्रयागराज तो पांच बसें सुल्तानपुर होकर प्रयागराज जाएंगी।
बसें प्रयागराज के मेला कछार व झूंसी में बनाए गए अमेठी डिपो के बस स्टॉप पर रुकेंगी। श्रद्धालुओं के स्नान के बाद वहीं से वापस लौटेंगी। यह योजना 13 से 15 जनवरी तक रहेगी। प्रत्येक शाही स्नान पर बसें रूटवार चलाई जाएंगी। एआरएम काशीनाथ ने बताया कि 13 से 15 जनवरी तक डिपो से 21 बसें प्रयागराज जाएंगी, जिससे कि महाकुंभ मेला स्नान करने वाले यात्रियों को किसी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े। 10 बसें रिजर्व भी रहेंगी, यात्री बढ़ते ही उनका भी संचालन किया जाएगा। चालकों व परिचालकों को श्रद्धालुओं से मधुर व्यवहार करने के आदेश दिए गए हैं।