गौरीगंज (अमेठी)। कोरोना संक्रमण जांच के लिए एकत्र सैंपल के परीक्षण में एक पुलिस कर्मी समेत 29 स्थानीय नागरिक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिले में सामुदायिक संक्रमण बढ़ने के बावजूद लोग बचाव के प्रति जागरूक नहीं हो रहे हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद जिला प्रशासन संक्रमितों के उपचार, सैनिटाइजेशन व बचाव कार्य कराने में जुटा है।
कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण तथा संभावित संक्रमितों की जांच कर उपचार करने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार सैंपल एकत्र करा रहा है। जांच के बाद बुधवार देर रात संग्रहीत 1,526 जांच रिपोर्ट जिला प्रशासन को मिली। रिपोर्ट में 1,497 निगेटिव तो एक सिपाही समेत 29 कोरोना पॉजिटिव मिले। पॉजिटिव मिले 29 लोगों में से भादर ब्लॉक के तीन, मुसाफिरखाना के सात, जगदीशपुर, जामो, भेटुआ व अमेठी ब्लॉक के दो-दो, सिंहपुर, बाजार शुकुल के बहादुरपुर ब्लॉक के एक-एक तो तिलोई व गौरीगंज ब्लॉक के चार-चार स्थानीय नागरिक संक्रमित मिले हैं।
संक्रमितों में सर्वाधिक सात मुसाफिरखाना विकासखंड के हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने संक्रमित मिले मरीजों के उपचार का प्रबंध सुनिश्चित कराते हुए प्रोटोकॉल के तहत बचाव कार्य व सैनिटाइजेशन के लिए संक्रमित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए अग्रिम निर्देश तक आवागमन प्रतिबंधित कर मजिस्ट्रेट की तैनाती की है।
डीएम के निर्देश पर बृहस्पतिवार को गठित टीम संक्रमित क्षेत्र की गलियों व मकान को सैनिटाइज करने के साथ संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान व बचाव कार्य में जुटी रही। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक 2,025 लोगों कोरोना संक्रमित मिले हैं जिनमें से 15 की मौत हो चुकी है। इलाज के बाद 1,479 ठीक होकर घर भेजे जा चुके हैं। वर्तमान में जिले में 531 एक्टिव मरीज हैं।