अमेठी। जिले में कोरोना संक्रमण के साथ संक्रमण से मौत की रफ्तार दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। मंगलवार रात सार्वजनिक हुई रिपोर्ट में जहां एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई वहीं 31 स्थानीय कोरोना संक्रमित हुए हैं। मंगलवार रात आई रिपोर्ट के बाद जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 552 तो मृतकों की संख्या 15 हो गई है।
जिले में पांच मई से शुरू कोरोना मरीजों के मिलने का सिलसिला अब बड़ा रूप अख्तियार कर चुका है। मंगलवार को कोरोना संक्रमण से पीड़ित बहादुरपुर ब्लॉक के चकभूर गांव निवासी महिला मीरा (50) की इलाज के दौरान मौत हो गई। मीरा की रायबरेली जिला अस्पताल में दो सिंतबर एंटीजन टेस्ट हुआ तो वह कोरोना पॉजिटिव निकली।
रिपोर्ट के बाद मुधमेह व ब्लडप्रेशर की गंभीर बीमारी से ग्रसित होने के कारण मीरा को चार सितंबर को बाराबंकी स्थित लेवल-3 अस्पताल मेओ में भर्ती किया गया जहां सोमवार रात उपचार के दौरान मीरा की मौत हो गई। मंगलवार रात आई अलग-अलग स्थानों से संग्रहित 1,337 लोगों की जांच रिपोर्ट में मोहनगंज थाने के एक सिपाही व शाहगढ़ के जलामा व अमेठी के बरियापुर गांव में एक ही परिवार के कई सदस्य समेत 31 कोरोना संक्रमित हुए है 1,306 की रिर्पोट निगेटिव तो 66 लोग को होम आइसोलेट या अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है।
रिपोर्ट में शाहगढ़ व अमेठी विकास खंड में सात-सात, जगदीशपुर व बाजार शुकुल विकास खंड में तीन-तीन, जामो, भेटुआ, गौरीगंज व तिलोई में दो-दो और भादर, मुसाफिरखाना तथा सिंहपुर के एक-एक स्थानीय नागरिक शामिल हैं।
मिले मरीजों में 27 की एंटीजन, एक की आरटीपीसीआर व तीन की ट्रूनॉट मशीन से जांच की गई थी। रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने संक्रमित मिले मरीजों की मांग व सुविधा के अनुसार उनके उपचार का प्रबंध अस्पताल/होम आइसोलेशन में कराते हुए संक्रमित क्षेत्र को सैनिटाइज करने के साथ ही पहले से गठित टीमों को बचाव कार्य शुरू करने का निर्देश दिया है।
डीएम ने बताया कि जिले में अब तक 1,996 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें से 1,429 ठीक हो चुके हैं तो 15 की मौत हो चुकी है। वर्तमान में 552 मरीज कोविड अस्पताल या होम आइसोलेट में हैं, जिनका उपचार व निगरानी की जा रही है।