गौरीगंज (अमेठी)। प्रयोगशाला से बुधवार देर रात आई 592 सैंपलों की रिपोर्ट में 566 निगेटिव तो 26 पॉजिटिव पाए गए। पॉजिटिव मरीजों में संग्रामपुर थाने के छह सिपाही तो सीएमओ कार्यालय में संचालित कोविड कंट्रोल रूम में कार्यरत जामो सीएचसी अधीक्षक शामिल हैं। रिपोर्ट आते ही सीएमओ कार्यालय व संग्रामपुर थाने को सील कराते हुए बचाव कार्य शुरू करा दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से 28 व 29 जुलाई को कोरोना संदिग्धों के लिए गए नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए थे। प्रयोगशाला की ओर से बुधवार देर रात 592 लोगों की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी गई। इस रिपोर्ट में 566 को निगेटिव तो 26 लोगों को पॉजिटिव बताया गया। पॉजिटिव मिले लोगों में संग्रामपुर थाने में पूर्व में संक्रमित एक सिपाही के संपर्क में आने से छह सिपाही तथा सीएमओ कार्यालय में संचालित कोविड कंट्रोल रूम में तैनात जामो सीएचसी अधीक्षक शामिल हैं।
पॉजिटिव मिले अन्य 19 लोगों में भादर ब्लॉक के रतापुर गांव के एक ही परिवार के पांच, सिंहपुर के चार, गौरीगंज के छह, मुसाफिरखाना के तीन व जगदीशपुर ब्लॉक का एक युवक शामिल है। जिला प्रशासन ने सभी संक्रमित मरीजों को इलाज के लिए लेवल-1 अस्पताल में भर्ती कराते हुए संक्रमित क्षेत्र को कंटनेमेंट जोन घोषित कर दिया है। डीएम अरुण कुमार के आदेश पर संग्रामपुर थाना व सीएमओ कार्यालय को 24 घंटे के लिए सील करा दिया गया है।
डीएम की ओर से गठित टीमों ने बृहस्पतिवार को संक्रमित क्षेत्रों को सील कर गांव-गलियों का सैनिटाइजेशन करने के साथ ही संक्रमितों के क्लोज कॉन्टेक्ट में आए लोगों की तलाश शुरू कर दी है। संक्रमण पर काबू पाया जा सके इसके लिए कंटेनमेंट जोन घोषित क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की डोर स्टेप डिलीवरी का आदेश दिया गया है। डीएम ने बताया कि जिले में अब तक 446 लोग कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। इनमें से दो की मृत्यु हो चुकी है तो 353 ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में जिले में कोरोना के 91 एक्टिव मरीज हैं।