. भादर त्रिसुंडी स्थित सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र पर योगाभ्यास करते लोग। स्रोत: स्थानीय नागरिक
अमेठी सिटी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को जिलेभर में आयोजित योग शिविरों में करीब ढाई लाख लोगों ने भाग लिया। लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ और निरोग जीवन जीने का संकल्प लिया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम नवीन पुलिस लाइन परिसर में आयोजित हुआ, जहां राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, नोडल अधिकारी नीतीश कुमार, जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी तथा विधायक राकेश प्रताप सिंह की मौजूदगी में 500 से अधिक प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया।
योग प्रशिक्षक धर्मेंद्र कुमार वर्मा, प्रेम सुधा सिंह और गौरव मौर्या ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन और मकरासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया। भादर के त्रिशुंडी स्थित सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र में डीआईजी मदन कुमार की मौजूदगी में जवानों ने योगी रूपेश के निर्देशन में योग किया। फुरसतगंज स्थित राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय, एफडीडीआई, इग्रुआ और सीएचसी में विद्यार्थियों व कर्मचारियों ने योगाभ्यास किया। बाजार शुकुल थाना परिसर में पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने योग किया।
डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में करीब 200 खिलाड़ियों ने योगासन किया। जगदीशपुर के कलावती लॉन, शाहगढ़ के केंद्रीय विद्यालय व सैनिक स्कूल, संग्रामपुर ब्लॉक मुख्यालय तथा सिंहपुर क्षेत्र के विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों में भी योग शिविर आयोजित हुए।