अमेठी थाने में पकड़े गए आरोपी। स्रोत: निजी सूत्र
अमेठी। सैदपुर दलशाहपुर गांव में भूमि विवाद में बुधवार रात हुई रामफली पाल की हत्या के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार तीन आरोपियों को रविवार को न्यायालय में पेश किया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी बरामद की गई है। पुलिस मामले के अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
इस मामले में नामजद आरोपी कृष्ण कुमार सिंह, मंजू सिंह और शिरोमणि उर्फ सुरेमन सिंह को बुधवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही थी। रविवार को कृष्ण कुमार सिंह की निशानदेही पर उसके घर के पास बगिया में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखी गई लाठी बरामद की गई। पुलिस का दावा है कि इसी लाठी का प्रयोग घटना के दौरान किया गया था। बरामदगी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। घटना से जुड़े सभी तथ्यों को संकलित किया जा रहा है।
शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि दलशाहपुर गांव में बुधवार को भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था।