गौरीगंज/अमेठी। बृजेश की हत्या के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, अनाथ हुए बच्चों के नाम कृषि भूमि आवंटन समेत कई मांगों पर अड़े परिवारीजन शाम पांच बजे एसपी के आश्वासन पर शव का अंतिम संस्कार करने को राजी हुए।
सुबह से ही एसडीएम व सीओ समेत अन्य अफसर परिवार वालों को समझाने में जुटे रहे। दूसरे दिन भी मृतक के घर पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रही। भाजपा के बूथ पदाधिकारी बृजेश की हत्या के दो दिन बाद भी पुलिस आरोपियों को पकड़ नहीं सकी है।
संग्रामपुर क्षेत्र के पूरे भुलई का पुरवा मजरे संग्रामपुर निवासी बृजेश सिंह (42) बुधवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गुरुवार सुबह पतऊ का पुरवा के समीप स्थित नहर पटरी के किनारे बृजेश का शव पड़ा मिला। पुलिस ने मृतक के भाई कमलेश सिंह की तहरीर पर चार के खिलाफ केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था।
शुक्रवार सुबह परिवारीजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, मृतक के बच्चों के नाम कृषि भूमि आवंटन समेत कई मांगों को लेकर शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। इस सूचना पर अफसरों के हाथ पांव फूल गए।
एसडीएम महात्मा सिंह व सीओ अर्पित कपूर गांव पहुंचे और बृजेश के परिवारीजनों को समझाया लेकिन ये सभी मांगों को तत्काल पूरा करने पर अड़े रहे।
शाम करीब साढ़े चार बजे मृतक के घर पहुंचे एसपी दिनेश सिंह व एडीएम न्यायिक सुधीर रूंगटा ने मृतक परिवारीजनों से बात कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा अन्य वैधानिक कार्रवाई के साथ ही डीएम से वार्ता कर जमीन संबंधी विवादों को हल कराने का आश्वासन दिया। एसपी के आश्वासन के बाद परिवार वाले अंतिम संस्कार को राजी हुए और घर के समीप ही उनका अंतिम संस्कार किया।
बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात
भाजपा के बूथ पदाधिकारी बृजेश सिंह की हत्या के बाद तनाव को देखते हुए मृतक के साथ ही आरोपियों के घर तथा उनके प्रतिष्ठानों पर पुलिस बल तैनाती किया गया है। एसपी ने बताया कि मृतक के घर पर एक एसओ, एक एसआई, चार सिपाही तथा डेढ़ सेक्शन पीएसी और आरोपियों के घर पर एक एसओ, दो एसआई, चार सिपाही तथा गैस एजेंसी, आरओ प्लांट तथा देसी शराब के ठेके पर दो-दो उपनिरीक्षक तथा तीन-तीन सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है।