अमेठी सिटी। जिले के 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला लगा। इनमें कुल 2365 मरीजों का उपचार किया गया। हालत गंभीर दिखने पर 18 मरीजों को रेफर किया गया। मौसम में बदलाव के चलते बुखार, खांसी, सिर दर्द और पेट दर्द के मरीज ज्यादा पहुंचे।
गौरीगंज के सैठा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अधीक्षक डॉ. राजीव सौरभ के साथ चिकित्सक डॉ. एचपी यादव ने मरीजों की जांच की। यहां आए अल्हा मेहरबान ने डॉक्टर को बताया कि तेज बुखार से परेशान हैं। जांच के बाद दवा दी गई। शिवराजी ने खांसी की समस्या बताई। उन्हें सिरप दिया गया और सात दिन बाद पुनः जांच की सलाह दी गई। रीता भी बुखार से पीड़ित थीं। खून की जांच के बाद दवा दी गई और सावधानी बरतने की बात कही गई।
मेला स्थल पर बच्चों में बुखार और उल्टी-दस्त के मामले भी कम नहीं थे। परिजन उन्हें लेकर पहुंचे और दवा ली। कुछ बच्चों के सैंपल की जांच भी की गई। जिज्ञासा, सुमन, बबली, जलालुद्दीन सहित कई लोगों ने बताया कि बुखार और खांसी की समस्या के चलते वे मेला स्थल पहुंचे। तीन बजे तक यहां 62 मरीजों ने उपचार कराया। स्वास्थ्य कर्मियों में फार्मासिस्ट विक्रम प्रसाद, स्टाफ नर्स प्रतिभा सोनी, एलटी सूर्यभान कुशवाहा, एएनएम बबिता और कल्पना ड्यूटी पर मौजूद थे।
पीएचसी फूला में जन आरोग्य मेला संपन्न हुआ। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजमणि वर्मा ने मरीजों की जांच कर दवाएं दीं। उन्होंने प्रारंभिक ठंड से बचाव के लिए सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी। यहां कुल 73 मरीजों का पंजीकरण कर उपचार किया गया।