बाजारशुकुल के महोना पीएचसी पर मरीजों का इलाज करते चिकित्सक। संवाद
अमेठी सिटी। जिले के 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयोजित जन आरोग्य मेले में 2326 मरीजों का परीक्षण कर उपचार किया गया। जांच के दौरान गंभीर हालत वाले 21 मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया। मेले में बुखार, पेट दर्द और दस्त से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही।
बाजारशुकुल के महोना स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सुबह से मरीजों की भीड़ रही। डॉ. शमीम आशिया अजीजी ने मरीजों का परीक्षण कर दवा दी। महोना निवासी सिमरन ने बताया कि वह एक सप्ताह से जुकाम, बुखार और खांसी से परेशान हैं। निजी चिकित्सक से उपचार कराने के बाद भी राहत नहीं मिलने पर उन्होंने जन आरोग्य मेले में जांच कराई। पूरे डोला नगर निवासी निर्मला ने बताया कि वह तीन दिन से बुखार और खांसी से परेशान हैं। बाहर से दवा लेने के बाद भी राहत नहीं मिली, जिसके बाद उन्होंने जन आरोग्य मेले में उपचार कराया।
महोना निवासी इलमा ने बताया कि उन्हें एक माह से बुखार आ रहा है और भूख भी कम लग रही है। चिकित्सक ने जांच के बाद दवा देने के साथ आवश्यक जांच कराने और सावधानी बरतने की सलाह दी। पिंकी यादव ने शरीर में दर्द और बुखार की शिकायत बताई। सभी मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सक ने मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए सफाई रखने, उबला या स्वच्छ पानी पीने तथा बुखार या दस्त होने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने की अपील की।
मेले में फार्मासिस्ट प्रदीप कुमार सिंह, लैब सहायक अशोक कुमार, स्टाफ नर्स नीलम देवी और एएनएम बिंदेश पांडेय मौजूद रहे। जिले के अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी मरीजों की जांच कर निशुल्क दवाएं वितरित की गईं।