अमेठी सिटी। जिले की सभी 30 पीएचसी पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में 2001 मरीजों का परीक्षण कर इलाज किया गया। गंभीर मिले 18 मरीजों को सीएचसी रेफर किया गया। वहीं, मेले में आए 43 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
जिले के अमेठी सीएचसी क्षेत्र स्थित गोसाईगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रभारी डॉ. उमेश कुमार की मौजूदगी में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। मेले में डॉ. शगुफ्ता परवीन, डॉ. अशोक कुमार पांडेय, फार्मासिस्ट दिव्यानी सिंह, एलटी फजलुर्हमान, बांकेलाल प्रजापति, वार्ड बॉय जेपी शुक्ल मौजूद थे। वहीं, मेले से एएनएम, सीएचओ, आशा संगिनी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नदारद थीं। मेले में 12.20 बजे तक मात्र 30 मरीज पहुंचे थे, जिसमें 10 मरीजों की जांच हो चुकी थी।
मेले में पहुंचीं बुजुर्ग नेमुला देवी ने बताया कि कई दिनों से उन्हें जुकाम, बुखार है। दवा लेने के बाद भी आराम नहीं मिला। आज मेले में चिकित्सक ने जांच कराने के बाद दवा दी है। वहीं, बुजुर्ग रामसरन ने बताया कि साहब... मधुमेह, रक्तचाप से आराम नहीं मिल रहा है। दवा खाने के बाद भी दिक्कत हो रही है। चिकित्सक ने जांच कराते हुए दवा बदली, साथ ही परहेज करने की सलाह दी।
बुजुर्ग अब्बास अली ने बताया कि कई दिनों से जुकाम और बुखार आ रहा है। बाहर से दवा ली, लेकिन आराम नहीं मिल पा रहा है। चिकित्सक ने दवा देने के साथ ठंड से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी। बुजुर्ग दूधनाथ ने चिकित्सक को बताया कि कई दिनों से पेट में दर्द है। गैस की भी समस्या है। बाहर से दवा ली, लेकिन आराम नहीं मिल रहा है। वहीं, सैंठा पीएचसी पर डॉ. राजीव सौरभ की मौजूदगी में मेला लगा। मेले में आए मरीज सैफ व रंकित ने चिकित्सक को दिखाते हुए बताया कि साहब कई दिनों से जुकाम और बुखार है। प्राइवेट चिकित्सक से दवा ली, लेकिन आराम नहीं मिला।
बुजुर्ग सुरेंद्र बहादुर ने चिकित्सक को दिखाते हुए बताया कि रक्तचाप से आराम नहीं मिल रहा है। चिकित्सक ने दवा बदलते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी। पीएचसी पर आयोजित मेले में टीबी की जांच भी की गई। पीएचसी पर लगे आरोग्य मेलों में मौजूद चिकित्सकों ने संचारी रोग, मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, फाइलेरिया, बुखार के प्रति लोगों को जागरूक किया।