संग्रामपुर। बुखार, सर्दी-जुकाम और त्वचा संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीज बढ़ रहे हैं। रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में जिले के 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 1983 मरीजों का परीक्षण कर दवाएं दी गईं। गंभीर हालत में मिले 22 मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया। चिकित्सकों ने मौसमी बीमारियों से बचाव के तरीके भी बताए।
चंडेरिया के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सुबह से मरीज पहुंचने लगे थे। कोई बुखार से परेशान था तो किसी को खांसी-जुकाम की शिकायत थी। कुछ अभिभावक बच्चों को त्वचा संबंधी परेशानी के उपचार के लिए लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने परीक्षण कर जांच कराई और दवाएं दीं। साथ ही मौसम में बदलाव के बीच सावधानी की सलाह दी।
चंडेरिया निवासी फिरदौस बानो बुखार और टायफाइड की शिकायत लेकर पहुंचीं। भावलपुर निवासी विनोद कुमार पत्नी रेनू की त्वचा संबंधी परेशानी और बेटी नंदनी के उपचार के लिए आए थे। गुलाल मिश्र का पुरवा निवासी धीरेंद्र कुमार मिश्र को जुकाम, बुखार और खांसी थी। खौपुर निवासी मेराज अली अपनी भांजी उमैरा और बेटी आयषा को लेकर पहुंचे।
दोनों बच्चियों को सर्दी, जुकाम, बुखार और त्वचा की परेशानी थी। चिकित्सकों ने सभी का परीक्षण कर दवाएं दीं। डॉ. सुशील चंद शुक्ला ने बताया कि मरीज सर्दी, जुकाम, बुखार से पीड़ित थे। उन्हें गर्म पानी पीने, गर्म कपड़े पहनने और ठंड से बचने की सलाह दी गई। अस्पताल में जांच और दवाएं उपलब्ध हैं।
गोसाईगंज पीएचसी पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. शगुफ्ता की मौजूदगी में मेला लगा। पूरा स्टाफ तैनात रहा, लेकिन मरीज कम पहुंचे। सुबह 11:45 बजे तक सिर्फ 19 मरीज आए थे। इनमें तीन की जांच हुई। सरैया दुबान निवासी कुट्टू वर्मा खुजली और कमजोरी से परेशान थे। सुंदरपुर निवासी विजय कुमार जुकाम, बुखार और गले में दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे। अगहर निवासी वेद प्रकाश मिश्र कई दिनों से सर्दी-जुकाम और खांसी से परेशान हैं।
ककवा निवासी मीना देवी ने बताया कि ठंड बढ़ने के साथ हाथ-पैर के जोड़ों में दर्द बढ़ गया है। चिकित्सकों ने सभी को दवाएं देकर सावधानी बरतने की सलाह दी। मेले में फार्मासिस्ट अरुण मिश्रा, लैब टेक्नीशियन काजल नायक, सीएचओ राजेश मील, आशा अनारकली और सफाईकर्मी आशीष यादव मौजूद रहे।