गौरीगंज के जेठूमवई पीएचसी पर आयोजित आरोग्य मेले में मरीज का इलाज करती डॉक्टर। -संवाद
अमेठी सिटी। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में मरीजों की भीड़ रही। बुखार, पेट दर्द और अन्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित लोग मेले में पहुंचे। मेले में तैनात 83 चिकित्सकों ने 1460 मरीजों की जांच कर दवा दी, जबकि गंभीर हालत वाले 19 मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
दोपहर 12:30 बजे गौरीगंज के जेठूमवई पीएचसी में मरीजों की कतार लगी रही। डॉ. पीतांबर कनौजिया और डॉ. श्रद्धा सिंह अलग-अलग कक्षों में मरीजों का इलाज करते मिले। पतरिया निवासी गंगासागर ने चिकित्सक से कहा कि दो दिनों से तेज बुखार और शरीर दर्द से परेशान हैं। बाहर से दवा लेने के बाद भी आराम नहीं मिला। खून की जांच के बाद उन्हें दवा दी गई और सात दिन बाद दोबारा जांच कराने की सलाह दी गई।
सूजापुर निवासी नीलम पेट दर्द की शिकायत लेकर पहुंचीं। परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने दवा दी और खानपान में सावधानी बरतने की सलाह दी। प्रखर शनिवार रात से पेट दर्द और दस्त की समस्या से परेशान थे। उन्हें दवा उपलब्ध कराई गई। साथ ही ओआरएस घोल पीने और पर्याप्त मात्रा में पानी लेने की सलाह दी गई। उद्धव लगातार बुखार आने की शिकायत लेकर पहुंचे। जांच के बाद उन्हें दवा दी गई और धूप से बचने की सलाह दी गई।
मेले में पहुंचे अन्य मरीजों का भी परीक्षण कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। मेले में आयुष चिकित्सक डॉ. राजीव, नर्सिंग ऑफिसर, फार्मासिस्ट तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीजों को लू और मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए। साथ ही सफाई रखने, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी।